home page

जेल में बंद रिटायर्ड चीफ इंजीनियर की पत्नी की 8वीं मंजिल से गिरने से मौत

 | 
जेल में बंद रिटायर्ड चीफ इंजीनियर की पत्नी की 8वीं मंजिल से गिरने से मौत


जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। खोह नागोरियान थाना इलाके में जल जीवन मिशन घोटाले में जेल में बंद रिटायर्ड तकनीकी चीफ इंजीनियर दिलीप कुमार गौड़ उर्फ डीके गौड़ की पत्नी की सोमवार सुबह 8वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। घटना जगतपुरा स्थित वृंदा गार्डन अपार्टमेंट की है।

थानाधिकारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि अपार्टमेंट में रहने वाली उर्मिला गौड़ (55) सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे अपने फ्लैट की बालकनी में किसी काम से गई थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने पर वह 8वीं मंजिल से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर गिर गईं। जोरदार आवाज सुनकर अपार्टमेंट के लोग मौके पर पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में पड़ी तड़प रही थीं।

लोगों ने तत्काल उन्हें जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर खोह नागोरियान थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार घटना के समय घर पर उनका बेटा मौजूद था। परिजनों ने बताया कि पति के जेल जाने के बाद से उर्मिला गौड़ मानसिक तनाव में थीं। गौरतलब है कि जल जीवन मिशन घोटाले के मामले में एसीबी ने 17 फरवरी को दिलीप कुमार गौड़ को गिरफ्तार किया था। जिन्हें 21 फरवरी को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या महिला के चक्कर आने से गिरने की आशंका है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश