home page

जगन गुर्जर हत्याकांड : सीबीआई जांच की सिफारिश, बाड़ी एसएचओ लाइन हाजिर

 | 
जगन गुर्जर हत्याकांड : सीबीआई जांच की सिफारिश, बाड़ी एसएचओ लाइन हाजिर


धौलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में पूर्व दस्यु जगन गुर्जर की हत्या के बाद राजस्थान के धौलपुर जिले में बना तनाव का माहौल फिलहाल शांत हो गया है। रविवार को जगन गुर्जर के पैतृक गांव भवूतिपुरा में आयोजित पगड़ी रस्म कार्यक्रम के दौरान गुर्जर समाज और जिला प्रशासन के बीच रविवार आधी रात को हुई लंबी वार्ता आखिरकार सफल रही। वार्ता के दौरान जगन गुर्जर हत्याकांड की सीबीआई जांच की सिफारिश तथा बाड़ी एसएचओ को लाइन हाजिर करने समेत अन्य मांगों पर सहमति बन गई। प्रशासन द्वारा समाज की प्रमुख मांगों को माने जाने के बाद गुर्जर समाज ने अपने प्रस्तावित बड़े आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का ऐलान कर दिया है।

रविवार को आयोजित पूर्व दस्यु जगह गुर्जर की पगड़ी रस्म कार्यक्रम में प्रदेशभर से हजारों की संख्या में गुर्जर समाज के लोग शामिल हुए। जगन गुर्जर हत्याकांड की संबंध में सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों तथा मांगों को पूरा नहीं होने पर समाज के लोगों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को भावूतिपुरा बुलाने की मांग की। दोपहर में बाड़ी एडिशनल एसपी श्रवण कुमार और एसडीएम अमित कुमार वर्मा ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन कलेक्टर-एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। देर शाम तक वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के वार्ता के लिए नहीं पहुंचने पर लोगों में नाराजगी बढ़ गई और रात को बड़ी संख्या में समाज के लोग पैदल ही बाड़ी शहर की ओर कूच करने लगे। इस स्थिति को देखते हुए जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान स्वयं रूधेरा गांव पहुंचे, जहां गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमंडल से करीब दो घंटे तक वार्ता हुई। रविवार आधी रात के करीब हुई वार्ता के दौरान गुर्जर समाज एवं जगन गुर्जर के परिजनों तथा प्रशासन के प्रतिनिधियों के बीच लगभग सभी मांगों पर सहमति बन गई।

जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि वार्ता के दौरान जगन गुर्जर के परिजनों और समाज की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी है। उन्होंने बताया कि जगन गुर्जर के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद जगन गुर्जर के भाई पप्पू गुर्जर को दौसा जिला कारागार में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर ने बताया कि बाड़ी थाना प्रभारी देवेन्द्र कुमार शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, जगन गुर्जर हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को सरकार तक प्रस्ताव भेजा जाएगा। वार्ता के बाद समाज और प्रशासन के बीच सहमति बनने से आंदोलन को विराम दे दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप