home page

आईटीबीपी के जवानों ने निकाली तिरंगा रैली

 | 
आईटीबीपी के जवानों ने निकाली तिरंगा रैली


जोधपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। 42वीं वाहिनी, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, पालड़ी खिचिंयान द्वारा देश की 80वीं स्वतंत्रता दिवस वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चलाये जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत कमांडेंट मनीष भाटिया के दिशा-निर्देशन में तिरंगा रैली एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रगीत एवं तिरंगा रैली से किया गया। जवानों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर एवं वाहनों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति के नारों के साथ रैली निकाली। तिरंगा रैली का उद्देश्य आमजन में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करना था। वाहिनी पदाधिकारियों द्वारा वाहिनी कैम्प परिसर के नजदीक स्थित महात्मा गांधी राजकीय प्राथमिक विद्यालय दईजर, राजकीय उच्च प्राथमिक विधालय, पालड़ी खिचिंयान में पहुंचकर शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आमजन के साथ मिलकर सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का वादन किया गया।

तत्पश्चात हिमवीर पदाधिकारियों, अध्यापकों एवं बच्चों द्वारा मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढियों को स्वच्छ और हरित भविष्य देने का संकल्प लिया। साथ ही आमजनता से 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर गर्व एवं सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने की अपील भी की गई। कार्यक्रम का समापन मण्डलेश्वर महादेव मंदिर में तिरंगा फहराकर किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश