आरएएस-2024 के सातवें चरण के इंटरव्यू पांच से
जयपुर, 04 मार्च (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आरएएस-2024 भर्ती के सातवें चरण के साक्षात्कार पांच मार्च से शुरू होंगे। यह साक्षात्कार 13 मार्च तक आयोजित किए जाएंगे। आयोग द्वारा इंटरव्यू लेटर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। यह भर्ती कुल 1096 पदों के लिए आयोजित की जा रही है। मेंस परीक्षा के परिणाम के बाद 2461 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है।
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना नया पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, फोटोयुक्त मूल पहचान-पत्र तथा समस्त मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी छायाप्रतियां अनिवार्य रूप से साथ लानी होंगी। इन दस्तावेजों के अभाव में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से वंचित किया जा सकता है।
इसके अलावा सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र को डाउनलोड कर साक्षात्कार के समय उसकी दो प्रतियां साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने दो सितंबर 2024 को भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। 18 अक्टूबर 2024 तक कुल छह लाख 75 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। दो फरवरी 2025 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें तीन लाख 75 हजार 657 अभ्यर्थी शामिल हुए।
बीस फरवरी को परिणाम घोषित किया गया, जिसमें 21 हजार 539 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया।
मुख्य परीक्षा 17 और 18 जून 2025 को आयोजित की गई। आठ अक्टूबर 2025 को मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें 2461 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया। प्रारंभ में 733 पदों पर भर्ती निकाली गई थी, जिसे 17 फरवरी 2025 को बढ़ाकर 1096 कर दिया गया। इनमें राज्य सेवा के 428 और अधीनस्थ सेवा के 668 पद शामिल हैं। पहले चरण के साक्षात्कार एक दिसंबर से 12 दिसंबर तक तथा दूसरे चरण के साक्षात्कार 15 दिसंबर से 24 दिसंबर तक आयोजित किए जा चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

