home page

राजस्थान विधानसभा में 37वे अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 17 देशों के 43 प्रतिभागी लेंगे भाग

 | 
राजस्थान विधानसभा में 37वे अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 17 देशों के 43 प्रतिभागी लेंगे भाग


जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में 37वें अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विश्व के 17 देशों के 43 प्रतिभागी भाग लेंगे। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दी।

उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को विदेशी प्रतिनिधियों का दल विधानसभा का अवलोकन करेगा। इस कार्यक्रम में बांग्लादेश, भूटान, घाना, केन्या, श्रीलंका, तंजानिया और ज़ाम्बिया सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्लियामेंट्री रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय विधायी ड्राफ्टिंग विषय पर केंद्रित है।

यह कार्यक्रम भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की भारतीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग योजना के अंतर्गत संचालित हो रहा है। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को विधायी मसौदा तैयार करने के ज्ञान, कौशल और तकनीकी में दक्ष बनाना है।

कार्यक्रम के तहत विदेशी प्रतिनिधियों को विधानसभा सदन, भवन और राजनीतिक आख्यान संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा।

साथ ही उन्हें राज्य की विधायी प्रक्रिया, संसदीय परंपराओं और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रतिनिधियों का पीठासीन अधिकारियों, विधानसभा सचिव और विधि विशेषज्ञों के साथ संवाद भी प्रस्तावित है।

देवनानी ने बताया कि प्रतिभागियों को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस पहल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संसदीय सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित