home page

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं ने रंगोली-पोस्टर से दिया संदेश

 | 
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता कार्यक्रम, बालिकाओं ने रंगोली-पोस्टर से दिया संदेश


अलवर, 07 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को सामान्य चिकित्सालय परिसर स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ की ओर से किया गया, जिसमें छात्राओं ने रंगोली, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं की सशक्त भूमिका का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। देश की रक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

कार्यक्रम में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि संकल्प का दिन है। समाज के सभी लोगों को महिलाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए।

बीएससी नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य संदीप अवस्थी ने कहा कि पहले नर्सिंग क्षेत्र में बाहर की छात्राओं की संख्या अधिक होती थी, लेकिन अब स्थानीय बालिकाएं भी बड़ी संख्या में इस क्षेत्र में आगे आ रही हैं, जो महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत है।

कार्यक्रम में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य रोशनलाल सैनी, साखडोली पीएचसी प्रभारी डॉ. अंबिका पटेल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान छात्राओं के लिए रंगोली, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार