home page

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का हुआ अभिनंदन, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बनाए रोडवेज पास

 | 
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का हुआ अभिनंदन, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बनाए रोडवेज पास


अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का हुआ अभिनंदन, स्वास्थ्य परीक्षण के साथ बनाए रोडवेज पास


डूंगरपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उम्र के अनुभव को सम्मान और वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण सप्ताह का शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मुस्कान संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का माल्यार्पण कर तथा उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। सम्मान पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी नजर आई। आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनकी सुविधा और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा गया।

कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सा विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं, परिवहन विभाग के कार्मिकों ने पात्र वरिष्ठ नागरिकों के रोडवेज पास बनाए। इससे बुजुर्गों को स्वास्थ्य जांच और परिवहन सुविधा जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए अलग-अलग स्थानों के चक्कर लगाने से राहत मिली।

सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पिंकी मीणा ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक सुविधाओं को पहुंचाना है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी पिंकी मीणा, मुस्कान संस्थान के संस्थापक भरत नागदा, सेवानिवृत्त समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, थावरचंद भगोरा, विनय मीणा, गजराज सिंह बारोड़, परिवहन विभाग से कोकिला मीणा, चिकित्सा विभाग से संगीता पाटीदार एवं अनिता ननोमा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जितेंद्र लोढ़ा, मन्मथ दीक्षित, मुस्कान संस्थान से अविनाश जैन, विनायक अग्रवाल, भरत भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष