home page

राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन का निरीक्षण, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

 | 
राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन का निरीक्षण, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश


जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। कौशल, उद्यमिता एवं रोजगार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संदीप वर्मा ने सोमवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित दर्ज शिकायतों की समीक्षा की और परिवादियों से सीधे संवाद कर उनके प्रकरणों के निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान वर्मा ने अधिकारियों के साथ विभाग से जुड़े परिवादों पर चर्चा करते हुए शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए राजस्थान संपर्क पोर्टल एक महत्वपूर्ण मंच है और इसके माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाना चाहिए।

उन्होंने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए विभाग से संबंधित प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई परिवादियों से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतों के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर कौशल, रोजगार और उद्यमिता विभाग से संबंधित कुल 38 हजार 690 प्रकरण दर्ज हुए हैं। इनमें से 37 हजार 768 प्रकरणों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 922 प्रकरण वर्तमान में लंबित हैं। प्रकरणों के निस्तारण की औसत अवधि 12 दिन रही है और लगभग 71.94 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर उपस्थित रहकर परिवादियों से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस अवसर पर कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग, राजस्थान लोक परिवाद प्रकोष्ठ तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित