home page

नारी चौपाल में महिलाओं को दी अधिकारों की जानकारी

 | 
नारी चौपाल में महिलाओं को दी अधिकारों की जानकारी


जोधपुर, 10 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जिलेभर में नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सरकारी योजनाओं, अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक फरसाराम विश्नाई ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी सेक्टर, मंडल एवं ब्लॉक स्तर पर किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम शहर विधायक अतुल भंसाली के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान नारी चौपाल के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों तथा उनके हितों के संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर जागरूक किया गया। वक्ताओं ने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश