जेडीए में नए आयकर अधिनियम की जानकारी दी
जोधपुर, 15 सितम्बर (हि.स.)। आयकर आयुक्त (टीडीएस) राजस्थान शैलेंद्र शर्मा के निर्देशानुसार और अपर आयकर आयुक्त निधि नायर के मार्गदर्शन में आज जोधपुर विकास प्राधिकरण में एक विशेष टीडीएस कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला कार्यालय संयुक्त आयकर आयुक्त रेंज (टीडीएस) जोधपुर के तत्वावधान में जेडीए के डीडीओ (आहरण एवं संवितरण अधिकारियों) तथा उनके लेखाकारों को नए आयकर अधिनियम 2025 के नियमों से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता सहायक आयकर आयुक्त (टीडीएस) जोधपुर डॉ. बोधिराज एस विश्वास, आयकर अधिकारी नरेंद्र सांखला तथा आयकर अधिकारी दीपाराम धंधे थे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नए आयकर अधिनियम- 2025 के तहत टीडीएस (स्रोत पर कर कटौती) और टीसीएस (स्रोत पर कर संग्रह) से जुड़े नवीन प्रावधानों और नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सभी सरकारी विभागों में टीडीएस की समय पर कटौती की जाए और उसे नियमानुसार तय समय सीमा के भीतर सरकार के पास जमा कराया जाए, ताकि किसी भी तरह की विधिक या वित्तीय जटिलता से बचा जा सके।
तकनीकी पहलुओं और समाधान पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं के रूप में शामिल आयकर निरीक्षक अरुण जालामी और आयकर निरीक्षक सतपाल यादव ने नए अधिनियम के तहत टीडीएस रिटर्न दाखिल करने की पूरी प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने टीडीएस रिटर्न भरते समय होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनके त्वरित सुधार से जुड़े तकनीकी पहलुओं को बारीकी से उजागर किया। कार्यशाला के दौरान जोधपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी-अपनी शंकाओं और व्यावहारिक समस्याओं को सामने रखा, जिनका आयकर विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में जोधपुर विकास प्राधिकरण के डायरेक्टर फाइनेंस मनजीत चारण ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

