एमएनआईटी में 10 अप्रैल को इंडस्ट्री–इंस्टीट्यूट कॉन्क्लेव में डेढ से अधिक उद्योग होंगे शामिल
जयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) जयपुर में 10 अप्रैल 2026 को “एमएनआईटी इंडस्ट्री–इंस्टीट्यूट कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन किया जाएगा। ‘विकसित भारत 2047’ और एनईपी 2020 के विज़न के अनुरूप यह आयोजन शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
एमएनआईटी जयपुर के डायरेक्टर एन. पी. पाढ़ी ने बताया कि कॉन्क्लेव में 150 से अधिक प्रमुख उद्योगों—वोल्वो, ओरेकल, इन्फोसिस, गूगल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस, सैमसंग सहित कई संस्थानों—को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन करेंगे। वहीं विभिन्न आईआईटी-एनआईटी के निदेशक, उद्योग विशेषज्ञ और सीआईआई के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में “लैब से बाज़ार तक और कौशल अंतराल को भरना” जैसे विषयों पर पैनल चर्चा, विभागीय संवाद सत्र, प्रोजेक्ट,पोस्टर प्रदर्शनी और छात्र नवाचारों का प्रदर्शन होगा। उत्कृष्ट परियोजनाओं को सम्मानित किया जाएगा तथा सांस्कृतिक संध्या में विश्व मोहन भट्ट प्रस्तुति देंगे।
एमएनआईटी ने 483 शोध परियोजनाओं के माध्यम से 202 करोड़ से अधिक की फंडिंग प्राप्त की है और प्लेसमेंट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 664 ऑफर हासिल किए हैं, जिसमें अधिकतम पैकेज 56 लाख तक रहा।
कॉन्क्लेव को शिक्षा और उद्योग के बीच सेतु बनाते हुए नवाचार,शोध और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

