home page

हर वैश्विक मंच पर गंभीरता से सुनी जाती है भारत की बात : शेखावत

 | 
हर वैश्विक मंच पर गंभीरता से सुनी जाती है भारत की बात : शेखावत


जोधपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत और आर्थिक मजबूती का जिक्र करते हुए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज दुनिया के किसी भी वैश्विक मंच पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है। यह भारत के बढ़ते प्रभाव और प्रभुत्व का स्पष्ट दर्शन है। भारत अब वैश्विक विमर्श में केवल सहभागी नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले देशों में शामिल हो चुका है।

जोधपुर एयरपोर्ट पर रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान शेखावत ने ब्रिक्स, आतंकवाद, शुल्क नीति, अर्थव्यवस्था और प्रदेश की राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

शेखावत ने कहा कि जी-20 के बाद भारत को ब्रिक्स की अध्यक्षता मिलना अपने आप में महत्वपूर्ण है। उन्होंने ब्रिक्स में आतंकवाद के मुद्दे पर सभी देशों द्वारा मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता दिखाने और आतंकवाद की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किए जाने को अहम उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंचों पर भारत की बात को मिल रहा महत्व देश के बढ़ते प्रभाव और बदलती भूमिका को दर्शाता है।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार में शुल्क नीति के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शुल्क लगाना प्रत्येक देश का अपना आर्थिक विषय है, लेकिन इसका हथियार के रूप में इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। भारत संवाद और समझौतों के माध्यम से इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं, जबकि यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और अमेरिका के साथ भी मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है।

उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास ऐसी व्यवस्था कायम करना है, जिसमें संवाद के आधार पर भारतीय उत्पादकों, विनिर्माण क्षेत्र और किसानों के हित सुरक्षित रहें तथा देश को इसका लाभ मिले।

शेखावत ने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक चुनौतियों और मंदी जैसी परिस्थितियों का सामना कर रही है। इसका असर भारत पर भी दिखाई देगा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में विकास और आर्थिक वृद्धि देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और इसके परिणाम पहली तिमाही के आंकड़ों में भी दिखाई दिए हैं।

भाजपा के प्रशिक्षण शिविरों को लेकर पूछे गए सवाल पर शेखावत ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर को ‘बाड़ेबंदी’ कहना जनप्रतिनिधियों का अपमान होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की परंपरा रही है कि कार्यकर्ताओं को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे नए दायित्व और नई भूमिका के साथ बेहतर ढंग से काम कर सकें।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए परिश्रम और राजनीतिक गतिविधियों से बाहर निकलकर कार्यकर्ताओं को नया अनुभव और नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। यह पार्टी की संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है।

नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर शेखावत ने कहा कि कांग्रेस के सामने इस तरह के विषय उठाना ही प्रमुख मुद्दा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की ओर से ईवीएम से चुनाव और बुजुर्गों के लिए अलग व्यवस्था नहीं होने जैसे आरोप भी सामने आएंगे। उनके अनुसार चुनाव परिणाम आने तक इस तरह के आरोपों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

नगर निकाय चुनावों के परिणाम को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भाजपा के पक्ष में व्यापक जनसमर्थन का विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी निकायों में भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करेगी और पूरे बहुमत तथा बड़े अंतर के साथ भाजपा के बोर्ड बनेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित