home page

एंटीबायोटिक का अनावश्यक इस्तेमाल बढ़ा रहा प्रतिरोध: आईएमए

 | 
एंटीबायोटिक का अनावश्यक इस्तेमाल बढ़ा रहा प्रतिरोध: आईएमए


जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) जोधपुर ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से एंटीबायोटिक दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की है।

आईएमए ने कहा कि एंटीबायोटिक का इस्तेमाल केवल चिकित्सक की सलाह पर ही करना चाहिए। इस समस्या से निपटने में परिवार, स्कूल, दवा विक्रेता, सामाजिक संस्थाओं और पशुपालकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ राज लोढ़ा ने कहा कि एंटीबायोटिक का अनावश्यक और गलत इस्तेमाल भविष्य में इनके प्रभाव को कम कर सकता है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को दवाओं के सही उपयोग और संक्रमण की रोकथाम के प्रति जागरूक होना जरूरी है।

एम्स जोधपुर के संक्रमण रोग विशेषज्ञ डॉ. गोपाल बोहरा ने बताया कि जब बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद या परजीवियों पर उनके उपचार के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवाओं का असर कम होने लगता है, तो इसे रोगाणुरोधी प्रतिरोध कहते हैं। एंटीबायोटिक प्रतिरोध इसका एक प्रकार है, जिसमें बैक्टीरिया पर एंटीबायोटिक दवाओं का प्रभाव घट जाता है। ऐसे बैक्टीरिया दूसरे लोगों में भी फैल सकते हैं। इससे संक्रमण का इलाज कठिन हो जाता है तथा अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि और उपचार का खर्च बढ़ सकता है।

आईएमए सचिव डॉ. प्रदीप जैन ने कहा कि प्रत्येक बुखार, खांसी या सर्दी-जुकाम में एंटीबायोटिक की मांग नहीं करनी चाहिए, क्योंकि सामान्य सर्दी-जुकाम अक्सर विषाणु संक्रमण के कारण होता है। एंटीबायोटिक केवल कुछ जीवाणु संक्रमणों में प्रभावी होती हैं। दवा की आवश्यकता चिकित्सक ही तय कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक द्वारा बताई गई दवा, खुराक और अवधि का पालन करना चाहिए।

तबीयत में सुधार होने पर स्वयं दवा बंद नहीं करें और आराम नहीं मिलने पर दवा बदलने या खुराक बढ़ाने के बजाय चिकित्सक से संपर्क करें। डॉ. संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के डॉ. प्रभु प्रकाश ने पुरानी पर्ची या बची हुई एंटीबायोटिक दवाओं का दोबारा इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि एक जैसे लक्षणों के पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं। अपनी दवा किसी अन्य व्यक्ति को नहीं दें और न ही किसी दूसरे की दवा स्वयं या बच्चों को दें। आईएमए कोषाध्यक्ष एवं मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित सिंघवी ने दवा विक्रेताओं से अपील की कि वे बिना चिकित्सकीय पर्ची के एंटीबायोटिक उपलब्ध नहीं कराएं और मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करें।

एम्स जोधपुर के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के डॉ. विभोर टाक ने बताया कि संक्रमण से बचाव की शुरुआत घर से होती है। भोजन बनाने और खाने से पहले तथा शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोना चाहिए। सुरक्षित पानी पीने, भोजन की स्वच्छता बनाए रखने, खांसते और छींकते समय मुंह-नाक ढकने तथा अनुशंसित टीके समय पर लगवाने से संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश