भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा सम्पन्न, 11789 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
बीकानेर, 26 सितंबर (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार एवं शिक्षा विभाग राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा सम्पन्न हुई।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा बीकानेर जिला संयोजक सतीश तंवर व जिला सचिव देवेन्द्र सारस्वत ने संयुक्त रूप से बताया कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा आज दोपहर 12 से 01 बजे तक आयोजित की गई। इस परीक्षा में कक्षा 5 से कक्षा 12 के आठ वर्गों की दस हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभागिता निभाई। श्रीडुंगरगढ, नोखा, श्रीकोलायत, खाजुवाला दंतौर, पूगल, लूनकरनसर, बीकानेर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी व निजी विद्यालयों में 176 परीक्षा केन्द्र बनाये गये थे जिनमें 11789 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
गायत्री परिवार जिला समन्वयक मुकेश व्यास ने बताया कि जयनारायण व्यास नगर स्थित राष्ट्रीय सहायक उच्च माध्यमिक विद्यालय बीकानेर से सर्वाधिक 1025 विद्यार्थी, भारती निकेतन संस्थान करनी नगर लालगढ़ से 533 विद्यार्थी तथा संत राष्ट्रीय सहायक विद्यालय से 377 विद्यार्थी पंजीकृत हुए।
गायत्री परिवार मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पवन कुमार ओझा ने बताया कि भारतीय संस्कृति का संरक्षण एवं नैतिक शिक्षा के विकास के लिए प्रतिवर्ष इस परीक्षा का आयोजन जा रहा है। इस वर्ष आयोजित परीक्षा में तहसील, जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक कक्षा वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जायेगा। वहीं जिला व प्रदेश स्तर पर अधिकतम विद्यार्थी पंजीकृत करने वाले विद्यालय प्रमुख तथा चयनित शिक्षकों को पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य उत्कृष्ट सेवा शिक्षक सम्मान देकर सम्मानित किया जायेगा।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सह संयोजक शशांक गंगल, ट्रस्टी राधेश्याम नामा, अतुल तिवारी, सुर्यप्रकाश, प्रवीण तंवर द्वारा बीकानेर शहर तथा लूणकरणसर तहसील संयोजक भत्तमाल सारस्वत व गणपत लाल, नोखा तहसील से अशोक सारस्वत, पूगल हिमांशु दाधीच, दंतौर से सुभाष सारस्वत, श्रीकोलायत से भुवनेश गौड़ तथा डूंगरगढ़ तहसील से भागीरथ प्रजापत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

