home page

इंडिया स्टोन मार्ट का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे उद्घाटन

 | 
इंडिया स्टोन मार्ट का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे उद्घाटन


जयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। भारत की प्राकृतिक पत्थर उद्योग को वैश्विक मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करने के उद्देश्य से इंडिया स्टोन मार्ट 2026 का आयोजन आगामी 5 से 8 फरवरी 2026 तक जयपुर के जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) सीतापुरा में किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल भारत,बल्कि एशिया के सबसे बड़े और सबसे प्रभावशाली स्टोन इंडस्ट्री प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी एवं उद्योग संवाद का भव्य उद्घाटन गुरुवार को मुग्धा कन्वेंशन हॉल में प्रातः 10 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे।

उद्घाटन अवसर पर उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, मधुसूदन दादू, राष्ट्रीय अध्यक्ष लघु उद्योग भारती, लघु उद्योग भारती के संगठन महामंत्री प्रकाश चंद्र , आर.के. मार्बल के अध्यक्ष अशोक पाटनी, प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज, इंडिया स्टोनमार्ट 2026 आयोजन समिति के संयोजक नटवरलाल अजमेरा, उपाध्यक्ष दीपक अजमेरा सीडॉस और रीको के पदाधिकारी सहित स्टोन इंडस्ट्री से जुड़े देश-विदेश के कई वरिष्ठ उद्योगपति,निर्यातक, नीति निर्माता और विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे।

इंडिया स्टोनमार्ट के उद्घाटन समारोह का एक प्रमुख और विशिष्ट आकर्षण अयोध्या में स्थापित भगवान श्रीराम की दिव्य मूर्ति के शिल्पकार, देश के सुप्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज की गरिमामयी उपस्थिति होगी। उद्घाटन समारोह के दौरान सीडॉस लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। जिसके माध्यम से स्टोन इंडस्ट्री में दशकों से योगदान देने वाले उद्योग अग्रदूतों को सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश