home page

पार्क ग्रुप के तीन अस्पतालों पर आयकर विभाग की कार्रवाई

 | 
पार्क ग्रुप के तीन अस्पतालों पर आयकर विभाग की कार्रवाई


जयपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में आयकर विभाग की टीमों ने सोमवार सुबह पार्क ग्रुप के तीन अस्पतालों पर छापेमारी की। जयपुर, झुंझुनूं और बहरोड़ स्थित अस्पतालों में एक साथ शुरू हुई कार्रवाई के दौरान वित्तीय लेन-देन, कर भुगतान और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, टैक्स चोरी और खातों में कथित हेराफेरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।

आयकर विभाग की टीमें सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच तीनों अस्पतालों में पहुंचीं। जयपुर के मानसरोवर स्थित अमर मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर, झुंझुनूं के चूरू रोड स्थित आरआर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल और बहरोड़ के एक अस्पताल में कार्रवाई की गई। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पतालों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। बाहरी लोगों के प्रवेश और अस्पताल परिसर में आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

आयकर विभाग की टीमों ने अस्पतालों के रिकॉर्ड रूम और सर्वर रूम में तलाशी ली। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ जरूरी दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड मिले हैं। टीम अस्पतालों के वित्तीय लेन-देन, कर भुगतान और सरकारी योजनाओं के तहत किए गए दावों से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही है। इसके साथ ही बिलिंग रिकॉर्ड, बैंक खातों के विवरण और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

कंप्यूटर, सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मौजूद डिजिटल डेटा भी जांच के दायरे में है। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों को कंप्यूटर नहीं छूने की हिदायत दिए जाने की जानकारी है।

आरआर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में 15 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी

झुंझुनूं के चूरू रोड स्थित आरआर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में आयकर विभाग की टीम के 15 से अधिक सदस्य पहुंचे। यहां अस्पताल के गेट पर पुलिस के जवान तैनात रहे और कंप्यूटरों में दर्ज रिकॉर्ड की जांच की गई।

फिलहाल तीनों अस्पतालों में कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही विभाग की ओर से संभावित कर अनियमितताओं और बरामद दस्तावेजों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश