home page

एमडीएम हॉस्पिटल में दो जनोपयोगी परियोजनाओं का लोकार्पण

 | 
एमडीएम हॉस्पिटल में दो जनोपयोगी परियोजनाओं का लोकार्पण


जोधपुर, 05 जून (हि.स.)। जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट के सहयोग से एमडीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार विस्तार हो रहा है। इसी दिशा में एक अहम कदम बढ़ाते हुए शुक्रवार को एमडीएम अस्पताल को नई सौगात मिली।

ट्रस्ट अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने बताया कि एमडीएम नेशनल टूल्स दमयंती-श्यामलाल एवं महेन्द्र मूंदड़ा परिवार के सहयोग से शिशु न्यूरोलॉजी वार्ड को वातानुकूलित किया गया है।

करीब बीस लाख रुपए की लागत से इस वार्ड के वातानुकूलित होने से उपचाररत बच्चों और उनके परिजनों को गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी। जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट सचिव शिवनारायण मूंदड़ा ने बताया कि इस दौरान मिलाप राज भंसाली स्मृति प्री-ऑपरेटिव सीटीवीएस वार्ड का लोकार्पण भी किया गया। मिलाप राज-पूनम सम्पत भंसाली फाउंडेशन के सहयोग से करीब साठ लाख रुपए की लागत से तैयार 22 बेड के इस वार्ड में डॉक्टर एवं नर्सिंग ड्यूटी रूम के साथ ही पूरा वातानुकूलित है।

इसके अलावा रेफ्रिजरेटर, ट्रॉली व्हील चेयर, सक्शन मशीन, मेल फीमेल टॉयलेट, सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। साथ ही पांच मल्टी पैरा मॉनिटर भी उपलब्ध कराए गए है। इस वार्ड के रिनोवेट होने से हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सा से संबंधित मरीजों को बेहतर पूर्व-ऑपरेटिव सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

जोधपुर मानव सेवा ट्रस्ट सह सचिव माधोसिंह भंडारी ने बताया कि लोकार्पण समारोह में भामाशाहों के साथ ही डॉ. एनएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा व एमडीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित का सम्मान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश