home page

पश्चिमी विक्षोभ का असर: प्रदेश में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

 | 
पश्चिमी विक्षोभ का असर: प्रदेश में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी


जयपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में आंधी-बारिश की गतिविधियों के चलते गर्मी से आंशिक राहत मिली है। पिछले दो-तीन दिनों में कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल अधिकांश जिलों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो सामान्य स्तर के करीब है।

मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आगामी चार से पांच दिनों तक प्रदेश में दोपहर बाद तेज आंधी, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीट वेव और उष्ण रात्रि की स्थिति भी दर्ज की गई है, जबकि कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 13 मिलीमीटर वर्षा हनुमानगढ़ में दर्ज की गई।

प्रदेश में सर्वाधिक तापमान फलोदी में 43.8 डिग्री सेल्सियस और चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सीकर में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आगामी दिनों में दक्षिण-पश्चिमी भागों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह 40 से 43 डिग्री के बीच रह सकता है। मई के पहले सप्ताह में कहीं-कहीं हीट वेव की स्थिति भी बन सकती है।

इसी बीच गुरुवार को जयपुर में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश होने से तापमान गिरकर करीब 35 डिग्री सेल्सियस रह गया। दिन में घने बादल छा जाने से अंधेरा सा माहौल बन गया और तेज हवाओं के बाद बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भरतपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

वहीं अजमेर 40.4, भीलवाड़ा 41, वनस्थली 40.7, अलवर 39.5, जयपुर 41, पिलानी 38.9, सीकर 38, कोटा 41.3, चित्तौड़गढ़ 43.4, डबोक 40.5, बाड़मेर 42, पाली 40.4, जैसलमेर 42.6, जोधपुर 41.3, फलोदी 43.8, बीकानेर 41.4, चूरू 40.8, श्रीगंगानगर 38.6, धौलपुर 40, नागौर 39.9, हनुमानगढ़ 36.9, जालौर 39.1, सिरोही 36, सवाई माधोपुर 40, फतेहपुर 38.5, करौली 39।

मौसम विभाग के अनुसार आंधी-बारिश की गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों में तापमान में स्थिरता बनी रहेगी और हीट वेव से राहत मिलने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश