home page

जयपुर में अवैध एलपीजी रिफिलिंग का भंडाफोड़

 | 
जयपुर में अवैध एलपीजी रिफिलिंग का भंडाफोड़


जयपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) ने शहर में अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपितों के कब्जे से गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण भी बरामद किए गए।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशंस) ओमप्रकाश के निर्देशन के सुपरविजन में सीएसटी टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में रसद विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) के अनुसार श्रीराम कच्ची बस्ती रोड नंबर 17 पर अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से दो आरोपितों—सुशील शर्मा और भोजराज प्रजापत—को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 6 बड़े गैस सिलेंडर, 13 छोटे नॉन-आईएसआई सिलेंडर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा अवैध रिफिलिंग में उपयोग होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश