home page

खोह नागोरियान अग्निकांड के बाद पुलिस सख्त: अवैध पटाखा गोदामों के खिलाफ अभियान शुरू

 | 
खोह नागोरियान अग्निकांड के बाद पुलिस सख्त: अवैध पटाखा गोदामों के खिलाफ अभियान शुरू


जयपुर, 13 जून (हि.स.)। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा गोदाम में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जयपुर पुलिस ने अवैध पटाखा गोदामों और फैक्ट्रियों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा के निर्देशन में जयपुर उत्तर जिले के सभी थाना प्रभारियों और बीट कांस्टेबलों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध पटाखा गोदामों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे मामलों में मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि परकोटा क्षेत्र सहित पूरे उत्तर जिले में अवैध पटाखा भंडारण और निर्माण इकाइयों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस टीमें डोर-टू-डोर सर्वे कर रही हैं और अवैध गोदामों तथा पटाखा फैक्ट्रियों की जानकारी जुटा रही हैं।

गौरतलब है कि खोह नागोरियान क्षेत्र में अवैध पटाखा गोदाम में आग लगने से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जांच में सामने आया कि फिरोज ने संबंधित मकान बारूद के कारोबार के लिए ले रखा था, जबकि वसीम दो अवैध पटाखा फैक्ट्रियां संचालित कर रहा था। इन फैक्ट्रियों से हजारों किलो बारूद बरामद किया गया है। इसके अलावा दाउदनगर क्षेत्र में संचालित दूसरी फैक्ट्री का संचालन अकील द्वारा किए जाने की जानकारी मिली है।

पुलिस ने अब तक दो अवैध फैक्ट्रियों पर छापेमारी की है। साथ ही करीब 200 मकानों का सर्वे कर 20 संदिग्ध गोदामों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। एक बड़े गोदाम को सील कर वहां से भारी मात्रा में बारूद भी बरामद किया गया है।

जांच के दौरान मुख्य आरोपित कयूम का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपिताें याकूब और कयूम की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश