आईआईटी जोधपुर का 12वाँ दीक्षांत समारोह कल
जोधपुर, 05 जून (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर का 12वाँ दीक्षांत समारोह 6 जून शनिवार को भव्य रूप से आयोजित होगा। इस अवसर पर कुल 1,442 विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, डॉक्टरेट, द्वैध उपाधि, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र कार्यक्रमों की उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुसंधान, नवाचार और व्यक्तिगत विकास का उत्सव बनेगा।
दीक्षांत समारोह तीन अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रात: 9 बजे आयोजित स्नातकोत्तर दीक्षांत समारोह में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ मुख्य अतिथि होंगे, जबकि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के अध्यक्ष नीलकंठ मिश्रा सम्माननीय अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
दोपहर 2 बजे आयोजित स्नातक दीक्षांत समारोह में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार मुख्य अतिथि होंगे। वहीं भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु के निदेशक प्रो. गोविंदन रंगराजन सम्माननीय अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
सायं 6 .30 बजे कार्यकारी शिक्षा कार्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए कमेंसमेंट समारोह आयोजित होगा। इसमें राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि तथा जोधपुर पुलिस आयुक्त शरत कविराज सम्माननीय अतिथि होंगे।
पूर्व इसरो अध्यक्ष करेंगे समारोह की अध्यक्षता :
तीनों समारोहों की अध्यक्षता आईआईटी जोधपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष एवं इसरो के पूर्व अध्यक्ष ए.एस. किरण कुमार करेंगे। संस्थान के निदेशक प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल स्वागत उद्बोधन देंगे।
शोध उत्कृष्टता का ऐतिहासिक क्षण :
आईआईटी जोधपुर के इतिहास में पहली बार रिकॉर्ड 151 शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की जाएगी। यह उपलब्धि संस्थान की बढ़ती शोध क्षमता और अनुसंधान उत्कृष्टता का प्रतीक मानी जा रही है। इससे आईआईटी जोधपुर की एक अग्रणी शोध-केंद्रित संस्थान के रूप में पहचान और मजबूत हुई है।
विभिन्न कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को मिलेगी डिग्री :
दीक्षांत समारोह में बी.टेक., बी.टेक.-एम.टेक. द्वैध उपाधि, बैचलर ऑफ साइंस (बी.एस.), एम.एससी., एम.टेक., एमबीए, एमबीए-टेक्नोलॉजी, एमबीए डबल डिग्री, मास्टर्स इन मेडिकल टेक्नोलॉजीज, मास्टर्स-पीएच.डी. द्वैध उपाधि, एम.एससी.-एम.टेक. द्वैध उपाधि तथा पीएच.डी. कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही पात्र विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
नवाचार व उद्यमिता का उत्सव :
संस्थान के अनुसार यह समारोह केवल उपाधि वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन युवा प्रतिभाओं का सम्मान है जो ज्ञान, नवाचार, उद्यमिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से देश और समाज के विकास में योगदान देने के लिए तैयार हैं। आईआईटी जोधपुर ने हाल के वर्षों में बहुविषयक शिक्षा, अत्याधुनिक अनुसंधान, उद्योग सहयोग, स्टार्टअप इकोसिस्टम और समाजोन्मुखी तकनीकी समाधानों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थी इसी उत्कृष्टता और नवाचार की परंपरा के प्रतिनिधि होंगे।
उपलब्धियों और आकांक्षाओं का संगम:
समारोह में विद्यार्थी, अभिभावक, पूर्व छात्र, संकाय सदस्य, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, नीति-निर्माता एवं अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। आईआईटी जोधपुर परिवार ने सभी अतिथियों, स्नातक विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों और शुभचिंतकों का इस ऐतिहासिक अवसर पर स्वागत किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

