home page

डूंगर कॉलेज में आईसीटी लैब का शुभारंभ, चार रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू

 | 
डूंगर कॉलेज में आईसीटी लैब का शुभारंभ, चार रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू


बीकानेर, 18 जुलाई (हि.स.)। राजकीय डूंगर महाविद्यालय में राजस्थान सरकार एवं भारत सरकार की संयुक्त पहल राजस्थान फिनिशिंग स्कूल के अंतर्गत सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी

(आईसीटी) लैब का शुभारंभ शनिवार को बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने किया। इस अवसर पर विधायक व्यास ने रेडियेशन बायोलॉजी सोसाइटी की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया।

विदित है कि सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. आर. के. पुरोहित हैं। विधायक ने वेबसाइट के माध्यम से सोसाइटी की विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. पुरोहित ने बताया कि इस दौरान रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से चार रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए। इन पाठ्यक्रमों का संचालन मोज़ैक कंपनी के माध्यम से किया जाएगा। सभी पाठ्यक्रम सरकार से मान्यता प्राप्त हैं तथा न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठ्यक्रम पूर्ण करने वाले लगभग 70 प्रतिशत विद्यार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने महाविद्यालय की आईसीटी लैब को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कंप्यूटर क्रय हेतु 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ना बेहद आवश्यक है। राजस्थान फिनिशिंग स्कूल जैसी पहल विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. पुरोहित ने की।

मोज़ैक कंपनी के प्रतिनिधि संजय गौड़ ने राजस्थान फिनिशिंग स्कूल की अवधारणा, संचालित किए जाने वाले चारों पाठ्यक्रमों तथा उनसे मिलने वाले रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव