home page

बीकानेर में 25-26 जुलाई को लगेगा ‘टैक्स मित्र’ शिविर

 | 
बीकानेर में 25-26 जुलाई को लगेगा ‘टैक्स मित्र’ शिविर


बीकानेर, 23 जुलाई (हि.स.)। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की बीकानेर शाखा की ओर से आम नागरिकों में कर जागरूकता बढ़ाने और आयकर संबंधी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 एवं 26 जुलाई को टैक्स मित्र – ए स्टेप टुवर्ड्स टैक्स अवेयरनेस अभियान आयोजित किया जाएगा। यह अभियान प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक आईसीएआई भवन, शिव वैली, जी.एस. रोड, बीकानेर में चलेगा।

आईसीएआई बीकानेर शाखा के अध्यक्ष सीए मुकेश शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान आम नागरिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने, आयकर विभाग के नोटिस, एआईएस/टीआईएस, आयकर में उपलब्ध कटौतियों, कैपिटल गेन, टैक्स प्लानिंग तथा आयकर से जुड़े अन्य विषयों पर विशेषज्ञों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान सीए गौरव अग्रवाल, सीए दिनेश सोनी, सीए हिमांशी राठौड़ और सीए दिनेश शर्मा विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहेंगे और करदाताओं की समस्याओं एवं शंकाओं का समाधान करेंगे।

सीए मुकेश शर्मा ने बताया कि अभियान के पहले दिन 25 जुलाई को बीकानेर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए नए आयकर प्रावधानों, वर्तमान आयकर रिटर्न फाइलिंग तथा व्यावहारिक कर विषयों पर पैनल चर्चा का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रतिभागी नए आयकर कानून, रिटर्न फाइलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों तथा पेशेवर चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि आईसीएआई का उद्देश्य केवल चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में कर जागरूकता बढ़ाना और आम नागरिकों को विश्वसनीय कर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे जनहितकारी अभियान आयोजित किए जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव