17वीं नेशनल चेस चैंपियनशिप में हैदराबाद रीजन को ओवरऑल ट्रॉफी
उदयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मावली में आयोजित 17वीं नेशनल शतरंज प्रतियोगिता का शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में शतरंज के रोमांच के साथ राजस्थान की लोक संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। समारोह के मुख्य अतिथि उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं द्वारा मुख्य अतिथि को दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने चिरमी, कालबेलिया सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को राजस्थानी रंगों से सराबोर कर दिया। लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि आईजी गौरव श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उदयपुर का नवोदय विद्यालय पूरे देश में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के बल पर विद्यालय और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाओं को उचित अवसर और मार्गदर्शन देकर तराशने की आवश्यकता है।
समारोह के दौरान आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी डॉ. अमृता दुहन ने हैदराबाद रीजन को ओवरऑल ट्रॉफी प्रदान की। प्रतियोगिता में विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने शतरंज की बिसात पर अपनी प्रतिभा और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में नवोदय विद्यालय कोटा के प्राचार्य रामकेश मीणा, गुड़गांव के प्राचार्य आर.के. पवार, बांसवाड़ा द्वितीय के प्राचार्य अब्दुल हमीद, चित्तौड़गढ़ की प्राचार्य उषा किरण, पाली के उपप्राचार्य राजपाल मंडिया तथा शतरंज खिलाड़ी अरुण सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम मीणा ने अतिथियों और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन निवेदिता अंकुर मोदी और सुधीर कुमार ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

