home page

अंगदान की सहमति देने वाले परिवार का सम्मान

 | 
अंगदान की सहमति देने वाले परिवार का सम्मान


जोधपुर, 15 सितम्बर (हि.स.)। अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता एवं मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज की टीम ने संभावित अंगदाता गोमाराम के परिवार के घर पहुंचकर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

गोमाराम की पत्नी सुशीला ने अपने पति की गंभीर एवं भावनात्मक परिस्थितियों के बीच मानवता की मिसाल पेश करते हुए किडनी, लीवर, हृदय एवं फेफड़ों के अंगदान हेतु लिखित सहमति प्रदान की थी। हालांकि, दुर्भाग्यवश मरीज की गंभीर स्थिति के कारण अंगदान संभव नहीं हो पाया।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज की टीम ने सुशीला एवं परिवारजनों से मुलाकात कर उनके दुख में सहभागी बनते हुए संवेदना व्यक्त की। परिवार द्वारा अंगदान के लिए दिखाई गई करुणा, साहस, उदारता एवं मानवतावादी भावना की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान एवं प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। टीम ने कहा कि अंगदान केवल एक निर्णय नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन का अवसर देने वाली मानवीय पहल है। ऐसे परिवारों की संवेदनशील सोच समाज के अन्य लोगों को भी अंगदान के लिए प्रेरित कर सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश