व्यंग्यकार प्रभात गोस्वामी को मिलेगा सरोज कुमारी केदारनाथ व्यंग्य पुरस्कार
जयपुर, 31 मई (हि.स.)। वरिष्ठ व्यंग्यकार प्रभात गोस्वामी को श्री हिंदी पुस्तकालय समिति डीग द्वारा श्रीमती सरोज कुमारी केदारनाथ माहेश्वरी हिंदी भाषा व्यंग्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के अंतर्गत उन्हें सम्मान स्वरूप 11 हजार रुपए की राशि और प्रशस्ति प्रदान की जाएगी।
यह समिति उत्तर भारत की प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था मानी जाती है। संस्था अपने शताब्दी स्थापना दिवस के अवसर पर 27 जुलाई को डीग में आयोजित समारोह में देशभर के विभिन्न साहित्यकारों और रचनाकारों को सम्मानित करेगी।
पुरस्कारों की घोषणा रविवार को समिति के प्रधान मंत्री कृष्ण कुमार मुदगल, साहित्य मंत्री एवं संयोजक सुरेन्द्र शर्मा ‘सार्थक’ तथा सभापति मानसिंह यादव की उपस्थिति में की गई।
प्रभात गोस्वामी के अब तक सात व्यंग्य संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। पिछले कई वर्षों से उनके व्यंग्य देश-प्रदेश के विभिन्न समाचार पत्रों और पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित होते रहे हैं।
अनेक डिजिटल मंचों और यूट्यूब माध्यमों पर भी उनके व्यंग्य प्रसारित किए जाते हैं।
इसके अलावा वे ‘व्यंग्य के रंग-प्रभात के संग’ नामक लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम का संचालन कर चुके हैं, जिसमें देश के चर्चित व्यंग्यकारों के साक्षात्कार प्रसारित हुए। साहित्य के साथ-साथ खेल जगत में भी उनकी सक्रिय पहचान रही है और वे आकाशवाणी से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की कमेंट्री भी कर चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

