home page

तीन स्पेशल ट्रेनों से होली पर घर आना-जाना होगा आसान

 | 
तीन स्पेशल ट्रेनों से होली पर घर आना-जाना होगा आसान


जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। होली पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष प्रबंध किए हैं। इसी क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल से विभिन्न दिशाओं के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है जिससे यात्रियों को घर आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि होली पर्व पर ट्रेनों में बढऩे वाले अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए जोधपुर-गोरखपुर,भावनगर टर्मिनस-बीकानेर तथा जोधपुर-मऊ के बीच साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जोधपुर-गोरखपुर साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन 5 मार्च से 27 मार्च के बीच कुल चार ट्रिप करेगी। ट्रेन संख्या 04829 प्रत्येक गुरुवार को शाम 4.15 बजे जोधपुर से रवाना होकर शुक्रवार रात 8.50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी,जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 04830 शुक्रवार रात 11.25 बजे गोरखपुर से प्रस्थान कर रविवार सुबह 3 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 20 कोच लगाए जाएंगे। इसी प्रकार भावनगर टर्मिनस-बीकानेर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 22 फरवरी से 29 मार्च तक छह ट्रिप के लिए चलाई जा रही है। यह ट्रेन वाया गांधीनगर कैपिटल, महेसाणा, आबू रोड, पाली मारवाड़ और जोधपुर होते हुए संचालित होगी तथा मार्ग के कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। इसके अलावा जोधपुर-मऊ-जोधपुर साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन 1 से 31 मार्च तक पांच ट्रिप करेगी। ट्रेन संख्या 04823 प्रत्येक रविवार शाम 5 बजे जोधपुर से प्रस्थान कर सोमवार रात 11.20 बजे मऊ पहुंचेगी,जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 04824 मंगलवार सुबह 4 बजे मऊ से रवाना होकर बुधवार सुबह 8.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी 20 कोच लगाए गए हैं और जयपुर,मथुरा,कानपुर,लखनऊ तथा अयोध्या सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार इसके अतिरिक्त विभिन्न 15 जोड़ी ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 36 अतिरिक्त डिब्बे भी अस्थायी रूप से जोड़े जा रहे हैं, जो 1 मार्च से 3 अप्रैल तक प्रभावी रहेंगे। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश