home page

मोहर्रम पर शांति व्यवस्था को लेकर बैठक

 | 
मोहर्रम पर शांति व्यवस्था को लेकर बैठक


चित्तौड़गढ़, 25 जून (हि.स.)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए गुरुवार को जिला परिषद सभागार में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। कलक्टर ने सभी धर्मों के लोगों से भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और अफवाहों से बचने की अपील की। साथ ही विभागीय अधिकारियों को व्यवस्थाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। जिले की परंपरा के अनुरूप शांति एवं सद्भाव बनाए रखें। उन्होंने बिजली विभाग को शहर में नीचे लटके तारों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नगर परिषद आयुक्त को त्योहार के दौरान शहर में बड़े भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने और पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इधर,

एसपी धर्मेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि मोहर्रम पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गुंडागर्दी पर नियंत्रण और सीसीटीवी निगरानी पर फोकस रहेगा। उन्होंने आमजन से RajCop Citizen App डाउनलोड करने की अपील की। इस ऐप से एफआईआर, आपातकालीन कॉल, महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन और शहर के कैमरों की जानकारी मिलेगी। एसपी ने बताया कि पाडन पोल एवं शास्त्री नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की जरूरत है। नगर परिषद से चर्चा कर शहर में कई जगह कैमरे लगवाए जाएंगे।

नशे की प्रवृत्ति और डंपरों की गति पर भी चर्चा

बैठक में खनिज विभाग से जुड़े रेती के डंपरों की गति नियंत्रण, सीएलजी सदस्यों को पहचान पत्र देने और जिले में बच्चों में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर फीडबैक लेने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बेगूं क्षेत्र में चेची रोड की यातायात व्यवस्था को लेकर भी बात हुई। बैठक में एडीएम दिनेश धाकड़, एएसपी मुकुल शर्मा, एसडीएम रजनी मीणा, एसई एवीएनल राम सिंह यादव, पीएचईडी एसई सुनित गुप्ता, यूआईटी से अंशुल आमेरिया, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव सहित शांति समिति व सीएलजी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल