home page

(अपडेट) राजस्थान में फिर मेहरबान हुआ मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश

 | 
(अपडेट) राजस्थान में फिर मेहरबान हुआ मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश


जयपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में करीब दो सप्ताह के लंबे ब्रेक के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार को प्रदेश के सात से अधिक जिलों में सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। कई स्थानों पर भारी वर्षा के कारण जलभराव की स्थिति बन गई, जबकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेशभर में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को जयपुर और भरतपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

सबसे ज्यादा असर सीकर जिले में देखने को मिला, जहां रात करीब डेढ़ बजे शुरू हुई तेज बारिश सुबह तक जारी रही। जिले में 90 मिमी से अधिक वर्षा हुई, जबकि सीकर ग्रामीण क्षेत्र में 119 मिमी और धोद में 116 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। तेज बारिश के कारण नवलगढ़ रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर तीन से चार फीट तक पानी भर गया। पुलिस लाइन के क्वार्टर, कलेक्ट्रेट परिसर और गोकुलपुरा पुलिस थाने में भी पानी घुस गया। रेलवे यार्ड में जलभराव के चलते सीकर-रेवाड़ी और रेवाड़ी-जोधपुर रेल सेवाओं का संचालन प्रभावित हुआ।

झालावाड़ जिले के मनोहरथाना क्षेत्र में सुबह से जारी बारिश के कारण परवन नदी उफान पर आ गई।

नदी पर बने छोटे पुल के ऊपर करीब तीन फीट पानी बहने लगा, जिससे यातायात बंद करना पड़ा। नदी किनारे स्थित एक मंदिर भी जलमग्न हो गया। बारां जिले में सुबह करीब डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से शहर के कई निचले इलाकों और बाजारों में पानी भर गया। स्टेशन रोड सहित कई स्थानों पर डेढ़ फीट तक जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानों में भी पानी घुस गया।

झुंझुनूं, चूरू, कोटपूतली-बहरोड़ और डीडवाना-कुचामन में भी मानसून सक्रिय रहा। चूरू में करीब पांच घंटे तक रुक-रुककर बारिश होती रही, जबकि झुंझुनूं में एक घंटे की तेज बरसात से सड़कों और गलियों में पानी भर गया।

कोटपूतली-बहरोड़ में लगातार दूसरे दिन बारिश दर्ज की गई और 36 घंटे में 35 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।

राजधानी जयपुर में सोमवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार सुबह तक जारी रहा। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं उदयपुर में हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बुधवार से कोटा, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में मानसून और अधिक सक्रिय होने की संभावना है। जयपुर एवं भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है।

प्रदेश के प्रमुख बांधों में भी जलभराव बढ़ रहा है। बीसलपुर बांध अपनी कुल क्षमता का 66 प्रतिशत से अधिक भर चुका है, जबकि राणा प्रताप सागर और जवाहर सागर बांध में भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

लगातार हो रही बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं कई शहरों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित