जयपुर सहित 15 शहरों में बारिश, अलवर के गोविंदगढ़ में तीन इंच
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय मानसून से बारिश का दौर लगातार बना हुआ है। बुधवार को जयपुर सहित 15 शहरों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश अलवर के गोविंदगढ़ में तीन इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 6-7 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मानसून पुन: सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। 6 अगस्त को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अलवर, अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, सीकर, कोटा, चित्तौडग़ढ़, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, संगरिया, जालोर, करौली, दौसा और सवाईमाधोपुर सहित अन्य शहरों में बारिश हुई। राजधानी जयपुर के कई इलाकों में दोपहर करीब 2 बजे तेज बरसात हुई। हालांकि बादलों के बीच से धूप खिलने से जयपुर के दिन के पारे में 4 डिग्री से ज्यादा का उछाल देखा गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री दर्ज किया गया।
श्रीगंगानगर में दोपहर 3 बजे बाद मौसम बदला और तेज बारिश हुई। कोटा शहर में शाम को मौसम बदला और तेज बारिश हुई। 20 मिनट तक हुई तेज बरसात से सड़कों पर पानी बहने लगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। भरतपुर के नदबई में शाम को करीब 1 घंटे तक बरसात हुई। चूरू के सुजानगढ़ में बुधवार को दोपहर 1.18 बजे जनाना अस्पताल के बरामदे की छत का प्लास्टर एक महिला के सिर पर गिर गया। महिला के सिर में दो टांके आए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक परिसंचरण तंत्र उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी भागों व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है तथा मानसून ट्रफ लाइन आज श्रीगंगानगर, रोहतक, गया से होकर गुजर रही है। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 6-7 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व मानसून पुन: सक्रिय होने की प्रबल संभावना है। 6 अगस्त को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 7 से 10 अगस्त के दौरान भरतपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। 7-9 अगस्त को भरतपुर, जयपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

