home page

जोधपुर में झमाझम, सडक़ों पर बहे पानी के बाळे

 | 
जोधपुर में झमाझम, सडक़ों पर बहे पानी के बाळे


जोधपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। शहर में एक बार फिर मानसून एक बार फिर सक्रिय है। दोपहर बाद करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर की सडक़ों पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला, जबकि कई निचले इलाकों और मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली।

शहर में दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई बारिश का दौर चार बजे तक चलता रहा। इस बारिश के कारण भीतरी में सडक़ों पर पानी बहने लगा। त्रिपोलिया बाजार में बारिश के बाद सडक़ जलमग्न नजर आई। कई दिनों बाद शहर में जमकर बारिश हुई। करीब एक घंटे तक हुई बारिश के कारण कई सडक़ों व निचले इलाकों में पानी भर गया। जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दिनों बाद हुई इस अच्छी बारिश से जहां मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं शहरवासियों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम में आई ठंडक के चलते लोगों ने बारिश का आनंद भी लिया। मौसम विभाग ने 26 जुलाई को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बता दे कि 23 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार जोधपुर में एक जून से सामान्य से 20.2 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 23 जुलाई तक सामान्य बारिश 112.7 एमएम होनी चाहिए थी, जबकि इस बार केवल 92.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

तीन वेदर सिस्टम सक्रिय

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश के ऊपर एक साथ तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय होने से दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य राजस्थान में तेज बारिश का दौर जारी है। मानसून ट्रफ जैसलमेर से कोटा होकर गुजर रही है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और आसपास के इलाके में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है और पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी सक्रिय है। इन तीनों सिस्टम के प्रभाव से अलग-अलग दिशाओं से आने वाली नमी वाली हवाएं आपस में टकरा रही हैं, जिससे घने बादलों का निर्माण हो रहा है और कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश