home page

जोधपुर व उसके आस-पास के शहरों में अगले दो दिन चलेगी धूलभरी हवाएं

 | 
जोधपुर व उसके आस-पास के शहरों में अगले दो दिन चलेगी धूलभरी हवाएं


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार है, लेकिन प्रदेश के शहरों के अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट तो वहीं रात के पारे में लगातार उछाल देखा जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश के 13 शहरों का दिन का पारा 40 तो वहीं 11 शहरों का रात का पारा 25 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में 22-23 अप्रेल को धूलभरी तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। 42.4 डिग्री के साथ चित्तौडग़ढ़ का दिन और 29 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार चित्तौडग़ढ़ के अलावा भीलवाड़ा, पिलानी, कोटा, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, फतेहपुर और लूणकरणसर का दिन का पारा 40 पार तो वहीं फलौदी के अलावा जयपुर, अजमेर, अलवर, चित्तौडग़ढ़, बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, जालोर, कोटा और बीकानेर का रात का पारा 25 डिग्री के पार दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के मध्य रिकॉर्ड हो रहे हैं जो कि सामान्य से 2-3 डिग्री ऊपर हैं। राज्य में आगामी 4-5 दिन मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में 1 से 2 डिग्री और बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री दर्ज होने व उत्तरी राजस्थान में 23-25 अप्रेल को कहीं-कहीं हीट वेव की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में 22-23 अप्रेल को धूलभरी तेज सतही हवाएं (20 से 30 किमी प्रतिघंटा) चलने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश