पश्चिमी विक्षोभ के बाद बढ़ी गर्मी, बाड़मेर सबसे गर्म, जयपुर में रात का पारा 5 डिग्री उछला
जयपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही प्रदेशभर में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजस्थान के कई शहरों में दिन का पारा 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।
प्रदेश में बाड़मेर का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक रहा, जबकि फलोदी में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कोटा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, जालोर, प्रतापगढ़ और फलोदी सहित नौ शहरों में दिन का तापमान 37 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर सहित करीब 15 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे रात के समय भी गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।
जयपुर में रविवार को मौसम साफ रहने के साथ हल्की हवाएं चलीं। इससे दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जबकि शनिवार रात हल्के बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान में लगभग 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शहर का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी जयपुर सहित प्रदेशभर में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन गर्मी का प्रभाव लगातार बढ़ने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

