home page

राजस्थान में बढ़ने लगी गर्मी, पारा, 40 डिग्री पार पहुंचने की संभावना

 | 
राजस्थान में बढ़ने लगी गर्मी, पारा, 40 डिग्री पार पहुंचने की संभावना


जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद अब गर्मी ने धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप के चलते दिन में गर्मी का असर बढ़ गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के 12 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। वहीं, अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

पिछले 24 घंटों में राज्यभर में मौसम साफ रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में रहा।

इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर में 37.6, जोधपुर और कोटा में 37.4, फलोदी में 37.8, प्रतापगढ़ में 37.2 और उदयपुर-जालोर में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

बीकानेर में 36.4, टोंक के वनस्थली में 36.1, श्रीगंगानगर, चूरू और पिलानी में 35.8, जबकि जयपुर और अजमेर में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क (ड्राय) बना रहेगा।

इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। हालांकि फिलहाल हीटवेव (लू) चलने की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन दिन के समय तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। प्रदेश में बढ़ती गर्मी के साथ अब आने वाले दिनों में पंखे और कूलर की रफ्तार भी तेज होने वाली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित