home page

योग से स्वास्थ्य, प्राणायाम से ऊर्जा: अजमेर में 25 मई से निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर

 | 
योग से स्वास्थ्य, प्राणायाम से ऊर्जा: अजमेर में 25 मई से निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर


अजमेर, 22 मई(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अजमेर दक्षिण श्री सनातन संस्कृति संरक्षण प्रन्यास एवं विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 25 मई से भजनगंज स्थित 9 नंबर पेट्रोल पंप के पास टोरंटो पैलेस में प्रातः 5:30 बजे से निशुल्क योग एवं प्राणायाम प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिविर 21 जून 2026 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक नियमित रूप से संचालित होगा। शिविर का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक अजमेर दक्षिण श्रीमती अनीता भदेल द्वारा किया जाएगा।

विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत के कार्य पद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में प्रतिभागियों को योग एवं प्राणायाम की वैज्ञानिक एवं पारंपरिक पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में आवर्तन ध्यान, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन, शोधन क्रियाएं एवं शरीर-मन को स्वस्थ रखने वाले विशेष अभ्यास शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि यह शिविर केवल सामान्य नागरिकों के लिए ही नहीं, बल्कि विवेकानंद केंद्र की प्रशिक्षण पद्धति के अनुसार योग शिक्षकों के लिए भी विशेष रूप से उपयोगी रहेगा। शिविर के माध्यम से प्रशिक्षित योग शिक्षक समाज में स्वस्थ जीवनशैली और भारतीय योग परंपरा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।

डॉ. शर्मा ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग एवं प्राणायाम मानसिक तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अनिद्रा एवं अन्य जीवनशैली जनित रोगों से बचाव का प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। नियमित योगाभ्यास से शरीर में ऊर्जा, सकारात्मकता, एकाग्रता एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता का विकास होता है। साथ ही व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से संतुलित जीवन जीने में सक्षम बनता है।

शिविर में महिला एवं पुरुष दोनों भाग ले सकते हैं। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों से अनुरोध किया है कि वे अपने साथ 3 गुणा 6 की दरी अथवा योग मैट एवं पानी की बोतल अवश्य लेकर आएं। आयोजन समिति ने अधिकाधिक नागरिकों से इस स्वास्थ्यवर्धक अभियान से जुड़कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष