home page

चारधाम यात्रा से पहले स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

 | 
चारधाम यात्रा से पहले स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी


जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान से चारधाम यात्रा पर जाने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने विस्तृत हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बदलते मौसम और कम ऑक्सीजन स्तर को देखते हुए यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

निदेशक (जन स्वास्थ्य) डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अत्यधिक ठंड, कम हवा का दबाव, कम ऑक्सीजन, तेज अल्ट्रावायलेट रेडिएशन और कम आर्द्रता के कारण स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए यात्रियों को यात्रा से पहले और दौरान सावधानी बरतना जरूरी है।

विभाग ने एडवायजरी में कहा है कि कम से कम 7 दिन की यात्रा योजना बनाएं, हर 1–2 घंटे में 5–10 मिनट का विश्राम लें, रोजाना 20–30 मिनट टहलें और श्वास व्यायाम करें, मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करें, जरूरी सामान साथ रखें। यात्रियों को गर्म कपड़े, रेनकोट, छाता, पल्स ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर और जरूरी दवाइयां साथ रखने की सलाह दी गई है।

हृदय रोग, अस्थमा, हाई बीपी या मधुमेह से पीड़ित लोगों को यात्रा से पहले स्वास्थ्य जांच करवाने और डॉक्टर की सलाह लेने को कहा गया है। यात्रा के दौरान शराब, कैफीनयुक्त पेय, धूम्रपान, नींद की गोलियां और तेज दर्द निवारक दवाओं से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही रोजाना कम से कम 2 लीटर तरल पदार्थ लेने और पौष्टिक आहार लेने की बात कही गई है।

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए टोल फ्री नंबर 104 जारी किया गया है। सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी या चलने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या हेल्पलाइन से संपर्क करें। गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, हृदय रोगी, मधुमेह और अधिक वजन वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने और यात्रा से पहले पूरी जांच कराने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि डॉक्टर यात्रा से मना करें तो यात्रा नहीं करें। सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर ही सुरक्षित और सफल चारधाम यात्रा सुनिश्चित की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित