home page

स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: अस्पतालों में स्क्रीनिंग व उपचार की तैयारी

 | 
स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: अस्पतालों में स्क्रीनिंग व उपचार की तैयारी


जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। स्वाइन फ्लू (एच1एन1) संक्रमण की संभावित स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने जिले के चिकित्सा संस्थानों को दवाइयों की उपलब्धता, संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग, उपचार और गंभीर मरीजों की रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आमजन को भी संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, बदन व मांसपेशियों में दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। कुछ मरीजों में उल्टी-दस्त भी हो सकते हैं। सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या सुस्ती तथा होंठ-नाखून नीले पड़ने जैसे गंभीर लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सा संस्थान पहुंचने की सलाह दी गई है। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

डिप्टी सीएमएचओ जयपुर प्रथम डॉ. इंद्रा गुप्ता और द्वितीय डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि मरीज की स्थिति व जांच के आधार पर उपचार और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एंटीवायरल दवाएं दी जाती हैं। उन्होंने लोगों से लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। संक्रमण से बचाव के लिए खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने, हाथों को बार-बार धोने, संक्रमित व्यक्ति से दूरी रखने और भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश