home page

हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर से मामा-भांजी की मौत, महिला गंभीर घायल

 | 
हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर से मामा-भांजी की मौत, महिला गंभीर घायल


कोटपूतली-बहरोड़, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले के नीमराना थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मामा और उसकी आठ वर्षीय भांजी की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद बस बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और आगे सर्विस रोड पर खड़ी एक निजी बस से टकराकर रुकी।

पुलिस के अनुसार हादसा नीमराना थाने के पास दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। मृतकों की पहचान खैरथल-तिजारा जिले के भुगंडा अहीर निवासी सचिन शर्मा (34) पुत्र प्रेमप्रकाश शर्मा और उनकी भांजी तान्या शर्मा (8) के रूप में हुई है। हादसे में सचिन की बहन कविता शर्मा (32) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्हें नीमराना के सचखंड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया।

नीमराना थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव के अनुसार सचिन अपनी बहन कविता और भांजी तान्या को उनके गांव भगवाड़ी खुर्द छोड़ने जा रहे थे। तीनों बाइक से भुगंडा अहीर से करीब 10 किलोमीटर दूर नीमराना थाने के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सर्विस रोड पर चढ़ते समय जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक को टक्कर मार दी।

पुलिस के मुताबिक टक्कर के बाद कविता उछलकर सड़क किनारे जा गिरी, जबकि सचिन और तान्या बस की चपेट में आ गए। बस दोनों को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और सर्विस रोड पर खड़ी निजी बस से टकराने के बाद रुकी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर नीमराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कविता को अस्पताल पहुंचाया। सचिन और तान्या के शव नीमराना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सचिन परिवार में इकलौता पुत्र था और अविवाहित था। वह नीमराना की एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके पिता प्रेमप्रकाश शर्मा सीटीसी ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। तान्या के पिता लक्ष्मीनारायण शर्मा किसान हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल