home page

हरियाली अमावस्या पर उदयपुर तर, उदयसागर के दो गेट खोले

 | 
हरियाली अमावस्या पर उदयपुर तर, उदयसागर के दो गेट खोले


उदयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। हरियाली अमावस्या पर उदयपुर और आसपास के इलाकों में मानसून मेहरबान रहा। मंगलवार से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा। शहर के साथ जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। लगातार पानी की आवक बढ़ने से उदयसागर बांध का जलस्तर 21 फीट पार हो गया। बांध की पूर्ण भराव क्षमता 24 फीट है। पानी की आवक को देखते हुए बुधवार दोपहर बाद उदयसागर बांध के दो गेट एक-एक फीट खोल दिए गए।

जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता नितेश नायक ने बताया कि कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण उदयसागर में पानी की आवक बनी हुई है। जलस्तर 21 फीट से ऊपर पहुंचने के बाद बुधवार मध्यान्ह में दो गेट एक-एक फीट खोले गए। बांध से पानी की निकासी शुरू होने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी प्रशासन और विभाग की निगरानी बढ़ाई गई है।

बारिश का सबसे ज्यादा असर सलूंबर जिले के सेमारी और उदयपुर जिले के झाड़ोल क्षेत्र में देखने को मिला। सेमारी कस्बे में सुबह से तेज बारिश का दौर चला। करीब पांच घंटे में 5 इंच बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण कस्बे की सड़कों और बाजार में पानी भर गया। दुकानों के बाहर तक पानी पहुंच गया, जबकि कई जगह सड़कों पर तेज बहाव देखने को मिला।

झाड़ोल उपखंड मुख्यालय पर दोपहर डेढ़ बजे तक सवा चार इंच बारिश दर्ज हुई। क्षेत्र में उंडासिया और मानसी नदी में भी पानी की आवक शुरू हो गई है। मानसी-वाकल बांध में भी पानी पहुंच रहा है।

उदयपुर शहर में मंगलवार दोपहर बाद शुरू हुआ बारिश का दौर रातभर रुक-रुककर चलता रहा। बुधवार सुबह भी शहर के कई हिस्सों में हल्की से तेज बारिश हुई। जल संसाधन विभाग के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में उदयसागर रेनफॉल सेंटर पर ढाई इंच, वल्लभनगर में 2 इंच तथा जयसमंद, सलूंबर, डाया और देवास में करीब एक-एक इंच बारिश दर्ज की गई।

बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने जिले में यलो अलर्ट जारी किया है। हरियाली अमावस्या के मौके पर हुई इस बारिश से जहां शहर और गांवों में हरियाली बढ़ने की उम्मीद है, वहीं जलाशयों में पानी की आवक से लोगों के चेहरे भी खिल उठे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता