home page

हरिद्वार से जयपुर आए गंगाजल से झारखंड महादेव मंदिर में  शिवभक्त करेंगे शिवाभिषेक

 | 
हरिद्वार से जयपुर आए गंगाजल से झारखंड महादेव मंदिर में  शिवभक्त करेंगे शिवाभिषेक


जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को राजधानी के प्रसिद्ध झारखंड महादेव मंदिर में शिवभक्तों के लिए विशेष जलाभिषेक का आयोजन किया जाएगा। वैशाली नगर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर झारखंड महादेव मंदिर में आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का निशुल्क जलाभिषेक कर सकेंगे।

श्री धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित किए जा रहे इस महाशिवाभिषेक के लिए हरिद्वार की प्रसिद्ध 'हर की पौड़ी' से दो बड़े टैंकरों में गंगाजल जयपुर लाया गया है।

हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने बताया कि गंगाजल महाशिवाभिषेक का यह आयोजन लगातार तीसरे साल आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर साल श्रद्धालुओं का उत्साह और भागीदारी बढ़ रही है। इस बार भी हजारों की संख्या में शिवभक्तों के जुटने की संभावना है।

ट्रस्ट के महामंत्री एम.एल. सोनी और गो-सेवक महेश दास महाराज के अनुसार इस आयोजन का मुख्य ध्येय सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और जनसेवा की भावना को निरंतर मजबूत करना है।

श्री धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष गब्बर कटारा ने बताया कि भारी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

सावन के तीसरे सोमवार को झारखंड महादेव मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए प्रवेश, जलाभिषेक और निकास के लिए अलग-अलग लेन बनाई जाएंगी। इसी के साथ श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, पार्किंग और ट्रैफिक नियंत्रण के विशेष इंतजाम रहेंगे। व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस व स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर स्वयंसेवकों की टीमें तैनात की जाएंगी।

इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, संतों-महात्माओं और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। झारखंड महादेव मंदिर के अध्यक्ष व आयोजक जय प्रकाश सोमानी ने जयपुर और आसपास के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश