हरिद्वार से आए गंगाजल से झारखंड महादेव मंदिर का होगा महाशिवाभिषेक
जयपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को वैशाली नगर स्थित प्रसिद्ध झारखंड महादेव मंदिर में हरिद्वार के गंगाजल से भव्य महाशिवाभिषेक होगा। श्री धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस आयोजन के लिए हरिद्वार की हर की पौड़ी से दो बड़े टैंकरों में पवित्र गंगाजल जयपुर लाया जा रहा है। मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालु इसी गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का निशुल्क जलाभिषेक कर सकेंगे।
हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बालमुकुंद आचार्य ने बताया कि श्री गंगाजल महाशिवाभिषेक का आयोजन लगातार तीसरे वर्ष किया जा रहा है। हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या और भागीदारी बढ़ रही है। इस बार भी हजारों शिव भक्तों के पहुंचने की संभावना है। ट्रस्ट के महामंत्री एम.एल. सोनी और गो-सेवक महेश दास महाराज ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और जनसेवा की भावना को मजबूत करना है।
श्री धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष गब्बर कटारा ने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मंदिर में प्रवेश, जलाभिषेक और निकास के लिए अलग-अलग लेन बनाई जाएंगी। इसके अलावा शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था रहेगी। आयोजन को सुचारू रखने के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर स्वयंसेवकों की टीमें तैनात की जाएंगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही और जलाभिषेक व्यवस्था को भी चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा आयोजन में मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, संत-महात्मा तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। झारखंड महादेव मंदिर के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक जयप्रकाश सोमानी ने जयपुर और आसपास के शिव भक्तों से सपरिवार आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

