home page

हरिदेव जोशी विश्वविद्यालय में 1 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू

 | 
हरिदेव जोशी विश्वविद्यालय में 1 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू


जयपुर, 29 मई (हि.स.)। हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय (एचजेयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी। इच्छुक विद्यार्थी 30 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी और आवेदन पत्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट hju.ac.in पर उपलब्ध होंगे।

विश्वविद्यालय में तीन वर्षीय बीए-जेएमसी, चार वर्षीय बीए-जेएमसी (ऑनर्स इन मीडिया स्टडीज) तथा स्नातकोत्तर स्तर पर एमए (मीडिया स्टडीज), एमए (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया), एमए (विज्ञापन एवं जनसंपर्क), एमए (न्यू मीडिया) और एमए (विकास संचार) पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे।

इसके अलावा स्ववित्तपोषित पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में पीजी डिप्लोमा इन डेस्कटॉप पब्लिशिंग, फोटोग्राफी, ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म और पब्लिक हेल्थ एंड मास कम्युनिकेशन के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु नन्द किशोर पांडेय ने बताया कि सभी पाठ्यक्रम नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप संचालित किए जा रहे हैं। पाठ्यक्रमों में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है। मीडिया क्षेत्र की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और भारतीय ज्ञान परंपरा (आईकेएस) से जुड़े विषयों को भी शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को डिजिटल क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, स्टूडियो और समृद्ध पुस्तकालय जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश