home page

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बीकानेर में निकली प्रभात फेरी

 | 
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बीकानेर में निकली प्रभात फेरी


बीकानेर, 09 अगस्त (हि.स.)। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार को जिला मुख्यालय पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने प्रभात फेरी में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रभात फेरी में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, डिस्ट्रिक्ट रन क्लब के सदस्यों तथा शहर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

प्रभात फेरी महारानी कन्या विद्यालय से रवाना होकर एमएन हॉस्पिटल, हनुमान हत्था और जूनागढ़ होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम के संदेशों के साथ आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की भावना से जोड़ना है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता करने तथा अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

प्रभात फेरी में सुमन छाजेड़, सत्य प्रकाश आचार्य, अशोक प्रजापत, श्याम सिंह हाडला, चंपालाल गेधर, मुकेश ओझा, सुनीता हटीला, राधा खत्री, रामकुमार व्यास और राजाराम सिगड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडेय, नगर निगम एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, बीकानेर उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, मनु गर्ग, प्राच्य विद्या प्रतिष्ठान के वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी नितिन गोयल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रामगोपाल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक केडी चारण, सहायक मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋतुराज महला, राजीविका जिला परियोजना प्रबंधक दिनेश कुमार मिश्रा और जिला परिषद आईईसी समन्वयक गोपाल जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक जिला, नगरीय निकाय, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव