नरसी विला में हर घर तिरंगा अभियान, सैकड़ों ग्रामीणों व विद्यार्थियों ने निकाली तिरंगा यात्रा
बीकानेर, 14 अगस्त (हि.स.)। सैकड़ों विद्यार्थी और ग्रामीण जनों ने जब हाथ में तिरंगा लहराते हुए वंदे मातरम् के नारे लगाए तो वह क्षण आजादी की महत्ता का बखान कर रहे थे।
यह नजारा था नोखा के मूलवास सीलवा स्थित नरसी विला का, जहां शुक्रवार को सुबह हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, रचनाओं की प्रस्तुति दी। सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों से नरसी विला गुंजायमान कर दिया। भामाशाह नरसी कुलरिया ने तिरंगे वितरित करते हुए स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। भामाशाह नरसी कुलरिया ने तिरंगे की महत्ता बताते हुए कहा कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राण न्यौछावर किए तब जाकर हमें आजादी मिली और तिरंगा फहराने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान जन-जन को देशभक्ति के लिए प्रेरित कर रहा है। स्वतंत्रता दिवस पर हर घर पर तिरंगा फहराएं और राष्ट्र के प्रति एकजुटता व संगठन भाव मजबूत करें।
भामाशाह नरसी कुलरिया ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि नशे से दूरी बनाओ, यदि कोई नशा करता दिखे तो उसे रोको, टोको और नशे के दुष्परिणामों के प्रति सबको जागरुक करो। बीकानेर पुलिस प्रशासन ने भारत-पाक बॉर्डर पर नशे के ड्रोन एंड ड्रोप षड्यंत्र के खिलाफ एक्शन लेते हुए करोड़ों रुपए की नशे की सामग्री को नष्ट किया है। मैं बीकानेर पुलिस को बधाई देता हंू जिसने नीलकंठ ऑपरेशन चला कर नशे के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। समारोह में उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए भामाशाह नरसी कुलरिया ने कहा कि हम चाहें कितने भी आगे बढ़ जाएं लेकिन अपनी माटी के प्रति सदैव लगाव रखना चाहिए। परिवार संगठित रहेगा तभी आपकी कामयाबी सार्थक साबित होगी। जाति और वर्ण के भेद को समाप्त कर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए माँ भारती के प्रति श्रद्धा रखें। जो देश के प्रति समर्पित होता है उसकी कोई जाति नहीं होती वह सच्चा देशभक्त कहलाता है। हमें अपनी मातृभूमि और अपनी मातृभाषा दोनों का गौरव बढ़ाना है।
कार्यक्रम में तहसीलदार सुनीता चारण, उगमाराम कुलरिया, पूर्व चेयरमेन निर्मल भूरा, जिला कार्यवाह लिखमाराम, ठाकुर धूड़ सिंह, ठाकुर सोहन सिंह, सीलवा सरपंच खूमचंद, बंधड़ा सरपंच श्रवणराम सियाग, दावां सरपंच भौमाराम, शिवनारायण आरएसएस, हरिराम आरएसएस, भाजपा नेता जेठूसिंह राजपुरोहित, सीबीईओ शिवनारायण बिश्नोई, भाजपा अध्यक्ष गंगाराम पारीक, गणेशाराम कुलरिया, मनसुखराम, बुद्धाराम, रामेश्वरलाल, छगनलाल पांचू, मुन्नीलाल पांचू, पुखराज सुथार, मूलसिंह, बाला महाराज, चम्पादास, नारायणदास, सूर्यप्रकाश, भंवर सिंह, पुखराज सोनी, डॉ. लेखराम, आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजकीय स्कूल सीलवा के प्रधानाचार्य विवेक जी व उनके स्टाफ की सहभागिता रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

