home page

पूर्वमुखी हनुमान मंदिर में सजी छप्पन भोग की झांकी: फूल बंगले में विराजे बालाजी

 | 
पूर्वमुखी हनुमान मंदिर में सजी छप्पन भोग की झांकी: फूल बंगले में विराजे बालाजी


जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जौहरी बाजार स्थित सांगानेरी गेट के पास ऐतिहासिक पूर्वमुखी हनुमान मंदिर में मंगलवार को हनुमान जी महाराज की 46वीं छप्पन भोग झांकी सजाई गई। इस अवसर पर बालाजी महाराज का विशेष श्रृंगार कर उन्हें फूल बंगले में विराजमान किया गया। छप्पन भोग की महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दर्शन के लिए मंदिर में दिनभर भक्तों की आवाजाही रही और रात 12 बजे तक पट खुले रखे गए।

मंदिर के महंत पंडित मुकेश गौड़ और युवाचार्य हर्ष शर्मा ने बताया कि छप्पन भोग में बालाजी महाराज को विविध व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं से बाजार से प्रसाद लाने के बजाय मंदिर में ही छप्पन भोग का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई। इसके अलावा हनुमान जी महाराज को विशेष नवीन पोशाक धारण करवाई गई। जिसे तैयार करवाने में एक माह से अधिक का समय लगा।

युवाचार्य हर्ष शर्मा ने बताया कि मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर प्रतिपदा को हनुमान जी महाराज का 101 किलो दूध से दुग्धाभिषेक किया गया था। इसके बाद 11 किलो सिंदूर का चोला चढ़ाकर बालाजी को नई पोशाक धारण कराई गई। अभिजीत मुहूर्त में अखंड ज्योति प्रज्वलित कर घट स्थापना की गई और तुलसीकृत रामायण के नौ दिवसीय नवाह्न परायण पाठ का शुभारंभ हुआ। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन दुग्धाभिषेक, पंचामृत स्नान, चोला श्रृंगार और आरती सहित धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।

महंत पंडित मुकेश गौड़ ने बताया कि उनके परिवार की चौथी पीढ़ी मंदिर में बालाजी की सेवा और पूजा-अर्चना कर रही है। यह परंपरा निरंतर जारी है। मंदिर में 20 अक्टूबर को नवरात्र समापन पर हवन, पूर्णाहुति, आरती और नवरात्र उद्यापन होगा। इसी दिन विजयादशमी के अवसर पर विजयोत्सव भी मनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश