हलवाई कैटरर्स समिति चुनाव: नामांकन में उमड़ा जनसैलाब
जयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। जयपुर हलवाई कैटरर्स कल्याण समिति के वार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 2 सितंबर को जनउपयोगी भवन आरपीए रोड पर होने वाले इस चुनाव में नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में समिति सदस्यों और समर्थकों मौजूद रहे।गौरतलब है कि चुनाव में अध्यक्ष पद पर हनुमान गुर्जर और रामेश्वर कसाना के बीच मुकाबला है।
इसी कडी में सोमवार को जय क्लब एमआई रोड के पास गोकुल निवास मैरिज गार्डन में हनुमान गुर्जर के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन हुआ। इसके बाद गुर्जर समर्थकों के साथ ढोल-ताशों की धुन पर रैली के रूप में समिति कार्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। जहां रास्ते में सांगानेर, ट्रांसपोर्ट नगर, राजा पार्क और जौहरी बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में समिति से जुड़े लोगों ने उनका स्वागत किया। समर्थकों की मौजूदगी और उत्साह को गुर्जर के पक्ष में बढ़ते समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।
हनुमान गुर्जर ने कहा कि वे चुनाव किसी व्यक्तिगत पद के लिए नहीं,बल्कि समिति सदस्यों के भरोसे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हलवाई और कैटरिंग से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

