home page

फिटनेस का संदेश देने के लिए होगी ज्ञानाथॉन मैराथन

 | 
फिटनेस का संदेश देने के लिए होगी ज्ञानाथॉन मैराथन


जयपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। शहर में फिटनेस और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ज्ञान विहार यूनिवर्स की ओर से ‘ज्ञानाथॉन मैराथन 2026’ का आयोजन 5 अप्रैल, रविवार को प्रातः 7 बजे किया जाएगा। मैराथन का शुभारंभ ज्ञान विहार वर्ल्ड स्कूल, सीतापुरा से होगा।

इस आयोजन में सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय, ज्ञान विहार स्कूल मालवीय नगर और ज्ञान विहार वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थी,अभिभावक एवं दादा-दादी-नाना-नानी सहित तीन पीढ़ियां भाग लेंगी। इस कार्यक्रम को फैमिली फिटनेस इवेंट के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी डायरेक्टर कनिष्क शर्मा ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए 2 किमी, 4 किमी और 5 किमी की श्रेणियां रखी गई हैं, जिससे हर आयु वर्ग के लोग अपनी क्षमता के अनुसार भाग ले सकें। मैराथन का रूट विद्यालय परिसर से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः वहीं समाप्त होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के चेयरमैन सुनील शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। आयोजन से पहले प्रतिभागियों के लिए जुम्बा के माध्यम से वार्म-अप कराया जाएगा तथा विभिन्न रोचक गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

प्रिंसिपल डॉ. ऋत्विज गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम “Where Education Meets Endurance” थीम पर आधारित है। जिसका उद्देश्य शिक्षा के साथ शारीरिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देना है। ज्ञान विहार वर्ल्ड स्कूल की प्रिंसिपल रीटा तनेजा ने बताया कि इसका उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और सामूहिक सहभागिता के प्रति प्रेरित करना है। साथ ही यह एक फैमिली फिटनेस इवेंट के रूप में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें पूरा परिवार एक साथ भाग लेकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देगा।

वहीं इस मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार व मेडल दिए जाएंगे। आयोजन में हजारों प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। विद्यालय प्रबंधन ने शहर वासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश