home page

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गुरु नानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व

 | 
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गुरु नानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व


श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गुरु नानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व


श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गुरु नानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व


श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गुरु नानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व


श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गुरु नानक देव जी का 557 वां प्रकाश पर्व


जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को जयपुर के सभी गुरुद्वारों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहरभर के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। सुबह से ही संगत के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर सुख-समृद्धि और सरबत के भले की अरदास की तथा गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया। गुरुद्वारों में अखंड पाठ साहिब के भोग, कीर्तन दीवान, गुरु का लंगर और सेवा-सिमरन के आयोजन हुए।

राजापार्क स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में प्रकाश पर्व पर विशेष दीवान सजाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर सरबत के भले की अरदास की। अखंड पाठ साहिब के भोग के बाद रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन से संगत को निहाल किया। शाम को गुरुद्वारा परिसर में दीपोत्सव मनाया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए गुरु का लंगर आयोजित किया गया।

वैशाली नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में प्रकाश पर्व पर विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार सर्वजीत सिंह मखीजा ने बताया कि सुबह 7 से 9 बजे तक आसा दी वार का पाठ हुआ। श्री दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई सतिंदर पाल सिंह ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। उन्होंने ‘एक बाबा अकाल रूप दुजा रबाबी मर्दाना’ और ‘सिद्ध बोलन शुभ वचन नानक तेरी बड़ी कमाई’ जैसे शबदों का गायन किया। इसके बाद लुधियाना से आए भाई जगतार सिंह ने कीर्तन के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया। ज्ञानी निर्मल सिंह धूलकोट वालों ने गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु साहिब ने एक ईश्वर की उपासना, मानव समानता और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने जातिगत भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों का विरोध कर समानता एवं भाईचारे को बढ़ावा दिया। उनकी देश-विदेश की धार्मिक यात्राओं को उदासियां कहा जाता है।

इस अवसर पर ज्ञानी दविंदर सिंह, गुरुद्वारा वैशाली नगर के हजूरी रागी भाई जसविंदर सिंह और स्त्री सत्संग मंडली ने भी गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। प्रधान सर्वजीत सिंह मखीजा के अनुसार, दिनभर में करीब 15 से 18 हजार श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका। पूरे दिन गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। संगत के लिए पताशी, पपड़ी चाट, विभिन्न प्रकार के पकौड़े, चाय और कॉफी की सेवा के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए। लंगर के लिए करीब 20 हजार प्रसादे तैयार किए गए। गुरुद्वारे में राजस्थान की पहली स्वचालित प्रसादे बनाने वाली मशीन भी आकर्षण का केंद्र रही। मशीन से प्रसादे तैयार किए गए। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और अपने हाथों से लंगर की सेवा की। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आतिशबाजी भी की गई। दिनभर गुरुद्वारा परिसर गुरुवाणी, कीर्तन और वाहेगुरु के जयकारों से गूंजता रहा।

पानीपेच, नेहरू नगर स्थित गुरुद्वारा साहिब में भी सुबह से ही साध-संगत का पहुंचना शुरू हो गया। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। गोपाल शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक हैं। प्रेम, सेवा, समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देने वाली उनकी वाणी सत्य एवं सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। गुरु साहिब ने समाज को ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के प्रति समान भाव रखने तथा जरूरतमंदों की सेवा करने का मार्ग दिखाया। उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।

इसके अलावा मानसरोवर के हीरापथ स्थित गुरुद्वारा साहिब, सेठी कॉलोनी, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, मालवीय नगर और कंवर नगर सहित शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी प्रकाश पर्व पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा प्रकट की। प्रकाश पर्व के अवसर पर सेवा, सिमरन और लंगर की परंपरा के माध्यम से गुरु नानक देव जी के तीन प्रमुख संदेशों—नाम जपो, किरत करो और वंड छको—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश