गुरुआस्था अधिवेशन में जुटेंगे देशभर के एक हजार से अधिक श्रद्धालु
जयपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रसंत आचार्य 108 प्रज्ञासागर महाराज के पावन सानिध्य में जगतपुरा के पास स्थित गोलोकधाम निमोडिया में दो दिवसीय राष्ट्रीय गुरुआस्था अधिवेशन एवं पिच्छीका परिवर्तन महोत्सव शुक्रवार से शुरू हुआ। 14 और 15 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम 'गौ सेवा से आत्म कल्याण' रखी गई है। इसमें जयपुर सहित कोटा, उज्जैन, बड़ौदा, सूरत, इंदौर, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता सहित देश के विभिन्न शहरों से एक हजार से अधिक गुरु भक्त और श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
चातुर्मास व्यवस्था समिति के मुख्य संयोजक चेतन जैन निमोडिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े से मुलाकात कर उन्हें आयोजन का निमंत्रण दिया। राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए 15 नवंबर को मुख्य समारोह में शामिल होने की स्वीकृति दी है। वे प्रातः 11 बजे कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान अनिल जैन बनेठा, दीपक जैन बाकलीवाल, विनोद जैन कोटखावदा और अंकित जैन गाजियाबाद भी मौजूद रहे।
अधिवेशन का शुभारंभ शनिवार को सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा। इसके बाद चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, हुमड़ परिवार की ओर से गुरु आस्था मंगल कलश स्थापना और पाद प्रक्षालन सहित मांगलिक अनुष्ठान होंगे। प्रथम सत्र में जैन प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। इंदौर के चिंतन बाकलीवाला को 'जैन स्वर चक्रवर्ती अवार्ड', सौरभ जैन को 'द वॉयस ऑफ इंस्पिरेशन अवार्ड' और श्वेता मोदी को 'जैन वुमन एक्सीलेंस अवार्ड' दिया जाएगा। वहीं कोटा गुरु आस्था परिवार को 'बेस्ट गुरु आस्था परिवार-2026' से सम्मानित किया जाएगा।
शनिवार शाम 6 बजे आचार्यश्री की पिच्छीका परिवर्तन का धार्मिक कार्यक्रम होगा। इसके बाद रात 7:30 बजे से प्रखर जैन और चिंतन बाकलीवाला की भजन संध्या होगी। इसके पुण्यार्जन कर्ता अनिल-उषा जैन बनेठा हैं।
रविवार को सुबह 6:30 बजे भगवान जिनेंद्र के अभिषेक और शांतिधारा के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। तृतीय सत्र में पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इस दौरान पदाधिकारी पर्यावरण रक्षा की शपथ भी लेंगे। सुबह 9:30 बजे राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की उपस्थिति में आचार्यश्री के मंगल प्रवचन होंगे।
दोपहर 2 बजे से चतुर्थ सत्र में प्रांतीय रिपोर्ट और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लोकेश जैन सीसवाली आभार व्यक्त करेंगे। शाम 4:55 बजे ध्वज वंदन के साथ दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का समापन होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

