गुलाबो पद्मश्री महोत्सव:मंच पर दिखी राजस्थान की कला-संस्कृति की झलक
जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। गुलाबो सपेरा नृत्य एवं संगीत संस्थान की ओर से ‘गुलाबो पद्मश्री महोत्सव-2026’ के अंतर्गत ‘लोक कला रत्न सम्मान सीजन-3’ का आयोजन गुरुवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद मंजू शर्मा, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी पवन अरोड़ा,विधायक गोपाल शर्मा और विधायक बालमुकुंद आचार्य, सन्नी कपूर,शिवकांता पाण्डेय,सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन गणगौर टेलीविजन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
लोक कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इस वर्ष 68 लोक कलाकारों को ‘लोक कला रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं, लंबे समय से लोक कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान दे रहे सात विशिष्ट कलाकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किए गए। सम्मानित होने वालों में पद्मभूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट, पद्मश्री उस्ताद अनवर खान मंगनियार, डॉ. निर्मल स्वामी, हवा सिंह नाथ, टीटी रॉबिन, लालचंद और गोपाल सिंह राठौड़ शामिल रहे।
पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने अपने दल के साथ शानदार कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। वहीं फ्रांस से आए कलाकार टीटी रॉबिन और डीनू बंजारा ने भी अपनी विशेष प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। पारंपरिक लोक वाद्य बीन वादन की प्रस्तुति भी कार्यक्रम का आकर्षण रही।
महोत्सव में राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को दर्शाता विशेष फैशन शो भी आयोजित किया गया। लाडेसर ब्रांड की ओर से लकी राजनाथ रावत के सहयोग से आयोजित फैशन शो में राजस्थान की संस्कृति से प्रेरित कलेक्शन प्रदर्शित किया गया। इसमें महिलाओं की पसंद साड़ी के विभिन्न परिधानों के साथ पारंपरिक परिधानों को भी प्रदर्शित किया गया। रूपा सपेरा की कालबेलिया नृत्य की बच्चियों ने कालबेलिया परिधानों को शोकेस कर प्रस्तुति दी।
पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य उन लोक कलाकारों को मंच, पहचान और सम्मान देना है, जिन्होंने वर्षों तक देश-विदेश में भारतीय लोक संस्कृति को पहुंचाने का कार्य किया है। ‘लोक कला रत्न सम्मान’ के माध्यम से लोक कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक पारंपरिक संस्कृति को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर वेन्यू पार्टनर के रूप में जुड़ा रहा। इसके अलावा कमला पोद्दार ग्रुप, ट्रांस इवेंट्स, रेडियो सिटी, सिंपली जयपुर मैगजीन, अरेना एनीमेशन, एलिट मिस राजस्थान, आर्य ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, गोल्डन डिवाइन क्रिएशन, एसजीएम आउटडोर सहित विभिन्न संस्थाओं और सहयोगियों की सहभागिता रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

